Salman Khan House Firing : सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर अंधाधुंध फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस एक्शन मोड में है।

अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर आज तड़के अंधाधुंध फायरिंग करने वाले दोनों हमलावरों की तस्वीर सामने आई है। बताया जा रहा है कि दोनों शूटरों की तस्वीर बांद्रा स्टेशन के पास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने के बाद मिली है। इसमें दोनों के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं। हालांकि अधिकारियों को शक है कि अब ये दोनों शूटर शहर छोड़कर चले गए होंगे।

सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले शूटरों की तस्वीर जारी
सलमान खान के घर पर फायरिंग करने वाले शूटरों की तस्वीर जारी

मुंबई पुलिस ने बताया कि रविवार सुबह करीब 5 बजे सलमान खान के बांद्रा स्थित घर ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट’ के बाहर दो अज्ञात लोगों ने फायरिंग की। मौके पर छह राउंड फायरिंग के सबूत मिले है। मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम जांच में जुटी है।

फायरिंग की घटना के बाद मुंबई पुलिस ने अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी है। पुलिस ने 5 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज किए हैं। बांद्रा पुलिस ने दोनों हमलावरों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। यह मामला सलमान खान के सुरक्षा गार्ड के बयान के आधार पर दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि सलमान के घर की बालकनी में जो जाली लगी है उसके पार भी एक गोली गई है। उस गोली का शेल घर के अंदर से पुलिस ने बरामद की है। आरोपियों को जल्द से जल्द दबोचने के लिए पुलिस की दो दर्जन से ज्यादा टीमें बनाई गई हैं। अज्ञात हमलावरों की बाइक बांद्रा में ही बरामद हुई है।

कौन है दोनों शूटर?

खबर है कि दोनों हमलावर महाराष्ट्र के नहीं थे। वह अन्य राज्य से मुंबई वारदात को अंजाम देने आये थे। हमलावरों का राजस्थान और हरियाणा से ताल्लुक होने की जानकारी सामने आ रही है। खूंखार गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई के कहने पर विदेश में बैठे रोहित गोदारा ने शूटरों का इंतजाम किया था।

संभावना जताई जा रही है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े राजस्थान के कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के गैंग ने दोनों शूटरों को मुंबई भेजा था। रोहित गोदारा का नाम राजस्थान के सनसनीखेज गोगामेड़ी हत्याकांड और राजू ठेठ हत्याकांड में भी सामने आया था।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर ली जिम्मेदारी

सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने लिया है। लॉरेंस बिश्नोई के भाई ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसकी जिम्मेदारी ली। साथ ही अभिनेता को चेतावनी भी दी है। काले हिरण के शिकार के मामले में कथित संलिप्तता के कारण बिश्नोई गिरोह सलमान की जान के पीछे पड़ा हुआ है। इसी वजह से सरकार ने सलमान को ‘वाई-प्लस’ श्रेणी की सुरक्षा दी है।

गोली चलाने वालो ने इसे ट्रेलर बताया

अनमोल बिश्नोई नाम के फेसबुक अकाउंट से पोस्ट कर कहा गया है, “जुल्म के खिलाफ फैसला अगर जंग से हो तो जंग ही सही। सलमान खान हमने यह तुम्हें ट्रेलर दिखाने के लिए किया है। ताकि तुम हमारी ताकत को समझ जाओ और अब हमारी ताकत को मत परखो यह पहली और आखरी वार्निंग है। इसके बाद गोलियां खाली घर पर नहीं चलेगी…” हालांकि अभी अधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं हुई है।

Read More…

Yogi Aditya Nath : ‘शादी नहीं करूंगा’: योगी आदित्यनाथ की तरह कपड़े पहने युवा लड़के ने रुड़की में यूपी के सीएम से कहा

Sarabjit Singh Killer Amir Sarfaraz Dead : भारतीय कैदी सरबजीत सिंह के हत्यारे आमिर सरफराज की पाकिस्तान के लाहौर में गोली मारकर हत्या

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *