केंद्र सरकार ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने का ऐलान किया गया है. इस संबंध में राष्ट्रपति भवन की ओर से बयान जारी कर ये जानकारी दी गई.

 

राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भारत सरकार को बताते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिवंगत कर्पूरी ठाकुर को दिया जा रहा है. वह भारतीय राजनीति में सामाजिक न्याय के पुरोधा और एक प्रेरणादायक शख्सियत थे. यह सम्मान समाज के वंचित वर्ग के उत्थान में कर्पूरी ठाकुर के जीवनभर के योगदान और सामाजिक न्याय के प्रति उनके अथक प्रयासों को श्रद्धांजलि है.

कर्पूरी ठाकुर की बुधवार को होने वाली 100वीं जन्म जयंती से पहले उन्हें मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किए जाने का ऐलान किया गया है. जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) ने कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिए जाने की मांग की थी. इस ऐलान के बाद जेडीयू ने मोदी सरकार का आभार जताया है.

बेटे ने मोदी सरकार का जताया आभार.

रामनाथ ठाकुर ने कहा कि 34 साल का संघर्ष है तब जाकर उनके पिता कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न दिया जा रहा है. प्रधानमंत्री ने उन्हें यह सम्मान दिए जाने की मांग का जवाब तो नहीं दिया था लेकिन अब इसका ऐलान किया है तो इससे वह काफी खुश हैं. रामनाथ ठाकुर ने आजतक से बातचीत में कहा कि बहुत खुशी है कि उनके पिता को भारत रत्न सम्मान दिया जा रहा है, जो कि देश का सर्वश्रेष्ठ सम्मान माना जाता है.

जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा पर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संरक्षक एवं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भी खुशी जताई है। मांझी ने कहा कि यह संपूर्ण बिहारवासियों का सम्मान है। यह नरेंद्र मोदी ही कर सकते थे। यह हमारी पुरानी मांग थी।

उन्होंने कहा कि आज यह साबित हो गया कि मोदी की गारंटी मतलब क्या होता है। धन्यवाद अमित शाह एवं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी। आप हैं तो भरोसा है। इसी तरह बिहार केसरी श्रीकृष्ण सिंह और पर्वत पुरुष दशरथ मांझी को भी भारत रत्न मिलना चाहिए।

कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न मिलने से बिहार गौरवान्वित : राज्यपाल.

जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न देने की घोषणा के लिए भारत सरकार को धन्यवाद देता हूं। साथ हीराज्य की जनता को बधाई देता हूं। सामाजिक न्याय के पुरोधा कर्पूरी जी गरीबों के उत्थान के लिए आजीवन संघषर्रत रहे। उन्हें यह सम्मान मिलने से बिहार गौरवान्वित हुआ है।

कर्पूरी ठाकुर को भारत रत्न पर क्या बोले भाजपा नेता.

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने कहा है कि अति पिछड़ों के मसीहा जननायक कर्पूरी ठाकुर को उनकी जन्मशताब्दी पर भारत रत्न देने का निर्णय कर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार व देश के करोड़ों पिछड़ों का सम्मान किया है।

उन्होंने मरणोपरांत जननायक को भारत रत्न से सम्मानित करने की केंद्र सरकार के निर्णय पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा है कि ”सबका साथ, सबका विकास” अभियान से वे कर्पूरी ठाकुर के ही सपनों को साकार कर रहे हैं। कर्पूरी का सपना था कि देश की सत्ता पर कोई पिछड़ा का बेटा बैठे। प्रधानमंत्री की कुर्सी संभाल कर मोदी ने कर्पूरी के सपने को सच किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *