बिहार में एनडीए सरकार बनने के बाद पहली बार दिल्ली दौरे पर गए दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने रविवार को दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसके पहले दोनों डिप्टी सीएम ने बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े से उनके आवास पर मुलाकात की है। वहीं राज्य में राजनीतिक उलटफेर के बाद दिल्ली में हुई यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है। तावड़े ने दोनों उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा का शॉल और किताब देकर अभिनंदन किया।

जानकारी अनुसार दिल्ली में सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा ने रविवार को अमित शाह से मुलाकात की। वहीं सोमवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से भी मुलाकात करेंगे। भाजपा सूत्रों की मानें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात के लिए समय मांगा गया है, लेकिन पीएम मोदी की ओर से अभी समय कन्फर्म नहीं किया गया है।

मालूम हो कि, एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंत्रियों को विभागों का बंटवारा भी किया। इसमें भाजपा कोटे वाले मंत्रियों के पास 23 विभाग जबकि जदयू कोटे के मंत्रियों के खाते में 19 विभाग आए हैं। वहीं हम के संतोष सुमन को 2 और निर्दलीय सुमित कुमार को 1 विभाग का जिम्मा दिया गया है। अब सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के दिल्ली दौरे के पीछे राज्य मत्रिमंडल के विस्तार के पेंच को सुलझाना भी माना जा रहा है।

दरअसल, इसी महीने बिहार विधानमंडल का बजट सत्र भी शुरू हो रहा है। उसके पहले नए मंत्रियों के शपथ दिलाने की संभावना है। इसमें भाजपा से किन लोगों को मंत्रिमंडल में जगह मिले इसमें कई दावेदार हैं। नामों को फाइनल करने के लिए दोनों नेताओं के दिल्ली दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि अमित शाह से मिलने के बाद भाजपा कोटे के मंत्रियों का नाम फाइनल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *