DNB. सरगुजा| पुलिस ने सरगुजा जिले में हुए हत्या की गुत्थी 48 घंटे के अंदर सुलझा लिया है। मामला सरगुजा के गांधीनगर थाना क्षेत्र का है। प्रदेश के सरगुजा जिले में एक व्यक्ति ने अपने लिव-इन पार्टनर की गला दबाकर हत्या कर दी है। बताया गया कि महिला किसी दूसरे शख्स पर फोन पर बात करती थी। इसी वजह से उसका आए दिन आरोपी के साथ विवाद होता था। इस बार फिर से जब विवाद हुआ, तब आरोपी ने उसे मार डाला। सुभाष नगर क्षेत्र में रहने वाली सविता सिंह(35) सब्जी बेचने का काम करती थी। उसकी 2 बेटियां भी हैं। कुछ साल पहले उसके पति की मौत हो गई थी। जिसके बाद वह बलरामपुर जिले के रहने वाले कुंजलाल(50) के साथ पिछले 2 महीने से रह रही थी। जानकारी के अनुसार कुंजलाल मजदूरी करता था। लेकिन आए दिन उसका सविता से विवाद होता था। बुधवार को सविता सब्जी बेचने बाजार नहीं गई। तब उसके एक पड़ोसी को संदेह हुआ और वह उसका पता लगाते हुए महिला के घर पहुंच गया। उस दौरान शाम हो चुकी थी। घर पहुंचने पर पड़ोसी ने सविता की बेटियों से बातचीत की। बेटियों ने बताया कि उनकी मां घर के अंदर है, हम लोग सुबह से घर पर नहीं थे। अभी ही हम लोग आए हैं। इसके बाद सविता के बेटियां कमरे के अंदर गईं, तब उन्होंने अपनी मां की लाश देखी थी। लाश देखने के बाद उन्होंने पड़ोसी को ही इस बारे में जानकारी दी। जिसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। फिर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। आस-पास के लोगों और पड़ोसियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में उन्होंने पुलिस को जानकारी दी कि कुंजलाल महिला के साथ रहता था। लेकिन उसकी बनती नहीं थी।
आरोपी को बलरामपुर से किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने बलरामपुर में कुंजीलाल के मूल निवास पिपरौल में दबिश दी। पुलिस के आने की जानकारी मिलती ही आरोपी जंगल की तरफ भाग गया था। इसके बावजूद पुलिस ने उसका पीछा किया और जंगल से आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और बताया कि सविता किसी दूसरे शख्स से भी बात करती थी। मैंने उसे कई बास समझाया भी था। मगर वह मानती ही नहीं थी। इसलिए बुधवार को मैंने उसकी हत्या कर दी है।