16 मई को पूरे प्रदेश में कलेक्ट्रेट घेरेंगे
बिलासपुर 02 मई 2022| प्रदेश में गृह विभाग के जारी आदेश ने तूल पकड़ लिया है। नेता प्रतिपक्ष और BJP विधायक धरमलाल कौशिक ने प्रदेश में धरना-प्रदर्शन और आंदोलन पर बैन को अलोकतांत्रिक बताया। कहा कि किसान, कर्मचारी, मितानिन और राजनीतिक दलों की आवाज को दबाने का प्रदेश सरकार प्रयास कर रही है। प्रदेश सरकार इस दमनकारी फैसले को वापस नहीं लेगी तो भाजपा 16 मई को कलेक्टोरेट का घेराव कर जेल भरो आंदोलन करेगी। विधायक कौशिक रविवार शाम मीडिया से बात कर रहे थे। करबला स्थित पार्टी कार्यालय में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि श्रमजीवियों ने परिश्रम किया, आंदोलन किए, जिसकी वजह से आजादी मिली। प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने लोकतंत्र को कुचलने जैसा आदेश जारी किया है। राज्य सरकार के साढ़े तीन साल के कार्यकाल में ही चौतरफा विरोध होने लगा है। प्रदेश की जनता सरकार के खिलाफ उग्र है। यही वजह है कि राजनीतिक, धार्मिक, सामाजिक और कर्मचारी आंदोलन पर अंकुश लगाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार के इस निर्णय को प्रदेश में मिनी आपातकाल जैसे बताया है। उन्होंने कहा कि 1975 में कांग्रेस सरकार ने केंद्र में आपातकाल लगाया था और छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, मस्तूरी विधायक डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी, बेलतरा विधायक रजनीश सिंह सहित भाजपा नेता मौजूद रहे।
भाजपा का मिशन 2023
दरअसल, भाजपा के इस विरोध प्रदर्शन को आगामी विधानसभा 2023 के मिशन के रूप में देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि भाजपा ने अब विधानसभा चुनाव की तैयारी के लिए कमर कस लिया है। यही वजह है कि भारतीय जनता पार्टी अब राज्य सरकार को हर मोर्चे पर घेरने की रणनीति बनाकर काम करने की तैयारी में है। सरकार की खिलाफत कर अब प्रदेश संगठन सड़क की लड़ाई लड़ने की योजना बना रही है। ताकि, विधानसभा चुनाव के लिए पदाधिकारियों के साथ ही कार्यकर्ताओं को इस बहाने एकजुट किया जा सके।